कई बार, हम बिना पूरी जाँच-पड़ताल किए बीमा पॉलिसी खरीद लेते हैं। हम एजेंट की सलाह, बैंक शाखा की सिफ़ारिश या ऑफ़र के आधार पर "हाँ" कह देते हैं और बाद में पता चलता है कि पॉलिसी हमारे लिए सही नहीं है। फिर क्या? जब आप सोच रहे हों कि इस स्थिति से कैसे बाहर निकलें, तो आपके पास एक बहुत ही आसान सा अधिकार है—फ्री लुक पीरियड। क्या आपको पता है कि आपके पास यह अधिकार है? आइये इसको जानते हैं...
मिस-सेलिंग क्या है और यह कैसे होती है
इंश्योरेंस मिस-सेलिंग का मतलब है कि पॉलिसी बेचते समय आपको पूरी और सटीक जानकारी नहीं दी जाती या आपको ऐसा उत्पाद बेचा जाता है जो आपकी ज़रूरतों को पूरा नहीं करता। उदाहरण के लिए,
- एजेंट ने पॉलिसी के महत्वपूर्ण अपवादों का खुलासा नहीं किया।
- बैंक शाखा के माध्यम से पॉलिसी बेची गयी लेकिन उसमें फायदे कम-नुकसान अधिक थे।
- आपको पॉलिसी केवल "इक्विटी रिटर्न" या "आकर्षक लाभ" दिखाकर बेची गई थी।
ऐसी स्थिति में, आप एक "गलत इंश्योरेंस पॉलिसी" के जाल में फँस सकते हैं - जिससे बचने का मुख्य उपाय यह है कि पॉलिसी खरीदने के तुरंत बाद उसके दस्तावेज़ों को अच्छी तरह से पढ़ें और समझें। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो आप ऐसी गलत विक्री में बुरी तरह फंस सकते हैं और जिससे बाद में निकलना आपके लिए मुश्किल हो सकता है।
“फ्री लुक पीरियड” की परिभाषा और अवधि
फ्री-लुक पीरियड का अर्थ है, पॉलिसी प्राप्ति के बाद का वह समय, जिसके दौरान आप उसकी समीक्षा कर सकते हैं और तय कर सकते हैं कि यह आपके लिए सही है या नहीं।
भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) के अनुसार, जीवन बीमा पॉलिसियों के लिए यह अवधि न्यूनतम 15 दिन और ई-पॉलिसी या दूरस्थ-आधारित पॉलिसियों के लिए अधिकतम 30 दिन हो सकती है।
यह सुविधा स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियों पर भी लागू होती है, यदि पॉलिसी अवधि कम से कम तीन वर्ष है। बिजनेस स्टैंडर्ड के रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2024 के बाद जारी पॉलिसियों के लिए नियमित तौर पर 30 दिन का फ्री लुक पीरियड लागू हुआ है।
इस प्रकार यह अवधि आपको यह “सत्यापित करने का मौका” देती है कि पॉलिसी वास्तव में वैसी ही है जैसा आपको समझाया गया था।
फ्री लुक पीरियड का लाभ उठाने की प्रक्रिया
आप सोच रहे होंगे कि जरुरत पड़ने पर इस अधिकार का उपयोग कैसे किया जा सकता है? आइए इस सरल प्रक्रिया को समझते हैं:
- जैसे ही आपको पॉलिसी बांड प्राप्त होता है, उसे तुरंत पढ़े। खासतौर से पॉलिसी के नियमों के अनुसार रिस्क कवर, एक्सक्लूज़न, प्रीमियम भुगतान शर्तें ध्यान से पढ़े।
- यदि आपको लगता है कि पॉलिसी आपकी ज़रूरतों को पूरा नहीं करती, उदाहरण के लिए, विक्री के समय जैसा बताया गया था वैसा नहीं है, तो पॉलिसी बांड के प्राप्ति की तारीख से फ्री लुक पीरियड के भीतर ही पॉलिसी को रद्द करने के लिए सम्बंधित शाखा कार्यालय में लिखित अनुरोध करें।
- सम्बंधित शाखा कार्यालय में मूल पॉलिसी बांड, प्रीमियम की रसीद और आपके बैंक खाते का विवरण जमा करें। ध्यान रहे: जमा करने से पूर्व सभी दस्तावेजों की छाया प्रति अपने पास सुरक्षित रखें और शाखा कार्यालय में दस्तवेजो को जमा करने का प्रमाण पत्र (रिसीविंग) जरूर प्राप्त करें।
- जीवन बीमा कंपनी आपके अनुरोध का अवलोकन करेगी और प्रक्रिया को पूर्ण होते ही आपके बैंक खाते में, आपकी जमा राशि वापस कर देगी। नीचे अगले सेक्शन में बताया गया है कि कैसे।
यह प्रक्रिया सरल है और आपका समय बचाती है तथा वित्तीय नुकसान को कम करती है।
रिफंड और खर्च कटौती की व्याख्या
आपके लिए यह जानना बेहद जरुरी है कि यदि आप फ्री लुक पीरियड के भीतर पॉलिसी को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करते हैं, तो आपको क्या भुगतान मिलेगा और क्या काटा जाएगा? आइये इसे समझते हैं-
- अगर आपने इस अवधि के दौरान कोई दावा दायर नहीं किया है, तो आप अपना प्रीमियम वापस पा सकते हैं।
-
हालाँकि, कुछ कटौतियाँ लागू होती हैं, जैसे:
- चिकित्सा जाँच का खर्च
- स्टाम्प ड्यूटी या पॉलिसी जारी करने का खर्च।
-
अगर पॉलिसी का जोखिम कवरेज पहले ही शुरू हो चुका है, तो कवरेज अवधि के लिए आनुपातिक प्रीमियम वसूला लिया जा सकता है।
उदाहरण के लिए: मान लीजिये कि मूल पॉलिसी बांड प्राप्ति के 10 दिनों के बाद, आप पॉलिसी रद्द करने के लिए आवेदन करते हैं। तो उस तात्कालिक तिथि तक, पॉलिसी से आपको रिस्क कवर का लाभ मिल रहा था, अतः उस तिथि तक जोखिम प्रीमियम कटौती किया जा सकता है।
तरीका सरल है: जैसे ही आपको कोई कठिनाई आए, प्रक्रिया शुरू कर दें। क्योंकि, ये अधिकार फ्री लुक पीरियड समाप्त होने के बाद समाप्त हो जाता है।
किन पॉलिसियों पर लागू है और किन पर नहीं
इससे पहले की आप इस प्रक्रिया के लिए अपने कदम बढ़ाएं, आपको यह जानना भी बेहद जरुरी है कि "फ्री लुक पीरियड" का नियम किन पॉलिसियों के लिए लागू होता है और किन पॉलिसियों के लिए नहीं। आइये इस बारे में जानते हैं-
- जीवन बीमा पॉलिसियों के लिए यह अनिवार्य रूप से लागू होता है।
- यह स्वास्थ्य पॉलिसियों पर तभी लागू होता है जब पॉलिसी अवधि कम से कम तीन वर्ष हो।
- सामान्य बीमा, जैसे- वाहन, घर आदि के बीमे में आमतौर पर यह सुविधा प्रदान नहीं करते हैं। इसलिए सामान्य बीमा की पॉलिसी खरीदते समय कृपया इसकी जाँच कर लें।
- यदि आप अपनी किसी बंद पड़ी पॉलिसी को पुनः चालू (रिवाइव) कराते हैं, तो ऐसी पॉलिसियों के लिए भी यह नियम लागू नहीं होता है।
इसलिए, पॉलिसी खरीदते समय तुरंत जाँच लें कि आपके द्वारा खरीदी गई योजना इस अधिकार के अंतर्गत आती है या नहीं।
IRDAI की भूमिका और उपभोक्ता अधिकार
भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने यह सुविधा पूरी तरह से लागू कर दी है ताकि बीमा उपभोक्ताओं को "गलत इंश्योरेंस पॉलिसी" की बिक्री से बचाया जा सके।
IRDAI (पॉलिसीधारक पोर्टल) के अनुसार, बीमाकर्ता की ज़िम्मेदारी है कि वह पॉलिसी बांड प्राप्त होने पर, पॉलिसीधारक को सूचित करे कि उनके पास एक फ्री लुक पीरियड उपलब्ध है।
यहाँ पर आईआरडीए ने उपभोक्ताओं को यह अधिकार दिया है यदि उन्हें बीमा कंपनी, उसके एजेंट अथवा अन्य के द्वारा पॉलिसी की सही जानकारी नहीं दी गई हो, तो वह पॉलिसी बांड प्राप्त होने के बाद से फ्री लुक पीरियड के भीतर पॉलिसी को निरस्त करवा सकते हैं। आईआरडीए का यह प्रयास “इंश्योरेंस कंज्यूमर राइट्स” को मजबूत बनाता है।
आईआरडीए द्वारा बनाया गया यह नियम बाध्य करता है कि बीमा एजेंट और कंपनियां उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शी व्यवहार करें।
सजग ग्राहक के लिए सीख
क्या करें-
- पॉलिसी बांड प्राप्त होते ही उसे तुरंत पढ़ें। मुख्य रूप से यह देखें कि पॉलिसी बांड में कवरेज, बहिष्करण, प्रीमियम की शर्तें क्या है?
- अगर आपको कुछ समझ न आए, तो एजेंट अथवा बीमा कंपनी से तुरंत पूछताछ करें।
- पॉलिसी बांड प्राप्त होने की तारीख नोट कर लें, क्योकि तभी से फ्री लुक पीरियड शुरू होती है।
- अगर आपको पॉलिसी की ज़रूरत नहीं है, तो फ्री-लुक अवधि के दौरान लिखित अनुरोध जमा करें।
- रिफ़ंड प्रक्रिया और कटौतियों के बारे में पहले से पता कर लें।
क्या न करें-
- "अतिरिक्त लाभ" या "बहुत कम प्रीमियम" के लालच में आकर, बिना पढ़े पॉलिसी न खरीदें।
- पॉलिसी बांड प्राप्त करने के तुरंत बाद, इसे तुरंत पढ़ने पर विचार करें - हो सकता है कि बाद में आपके पास फ्री लुक अवधि का लाभ उठाने का समय न बचे।
- एजेंट द्वारा दी गई जानकारी पर पूरी तरह भरोसा करके तुरंत हस्ताक्षर न करें - स्वयं जाँच लें।
- फ्री लुक पीरियड के बाद वापसी की उम्मीद न करें।
- यदि पॉलिसी आपके लिए बिल्कुल उपयुक्त नहीं है, तो वर्षों तक प्रीमियम का भुगतान करने की जहमत न उठाएँ - शुरुआत में ही सही कदम उठाएँ।
निष्कर्ष
अगर आप जागरूक हैं, तो कोई भी आपको गलत पॉलिसी नहीं बेच सकता। फ्री-लुक पीरियड एक सरल और शक्तिशाली अधिकार है जिसे आपको हर बीमा पॉलिसी के साथ याद रखना चाहिए। सही पॉलिसी चुनना आपकी ज़िम्मेदारी है और यह अधिकार आपको "गलत इंश्योरेंस पॉलिसी" से मुक्त कर सकता है, बिना किसी बड़े नुकसान के।
आज ही पॉलिसी दस्तावेज़ खोलें, उसे पढ़ें, समझें और अगर कुछ सही न लगे, तो अपने विकल्प का इस्तेमाल करें। एक समझदार ग्राहक वह होता है जो पहले सोचता है, फिर खरीदता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें।